MP के नेताओं पर ADR Report में हुए कौन से खुलासे ?

Home   >   चुनावपुर   >   MP के नेताओं पर ADR Report में हुए कौन से खुलासे ?

15
views

मध्य प्रदेश में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि राज्य के 81 फीसदी विधायक ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है साथ ही इन 230 विधायकों में से 93 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 (Madhya Pradesh Assembly Election 2023) के ऐलान के बाद प्रदेश में चुनावी सरगर्मी जोरों पर है। सभी राजनीतिक पार्टियां चुनाव प्रचार में जोर आजमाइश कर रही हैं। इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने मौजूदा 230 विधायकों का एक दिलचस्प डेटा जारी किया है। इस रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि राज्य के 81 फीसदी विधायक ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है साथ ही इन 230 विधायकों में से 93 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये विश्लेषण 2018 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए उप-चुनावों से पहले उम्मीदवारों की ओर से दिए गए हलफनामों पर आधारित है। 

फिलहाल मध्य प्रदेश विधानसभा में 230 विधायकों में से 186 यानी 81 फीसदी विधायक करोड़पति हैं। हर विधायक की संपत्ति करीब 10.76 करोड़ रुपये है। राज्य में बीजेपी के 129 में से 107 विधायक करोड़पति हैं और कांग्रेस के 97 में से 76 विधायक करोड़पति हैं। वहीं, 1 बसपा विधायक की औसत संपत्ति 96.95 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन निर्दलीय विधायकों की औसत संपत्ति 11.98 करोड़ रुपये है।

किन विधायकों की संपत्ति सबसे अधिक है?

संजय पाठक

कटनी जिले की विजराघोगढ़ सीट से बीजेपी विधायक संजय पाठक मौजूदा विधायकों में सबसे अमीर हैं। 2018 में उनकी कुल संपत्ति 226 करोड़ रुपये थी। इसमें 141 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल संपत्ति और 84 करोड़ से ज्यादा अचल संपत्ति शामिल है।

चैतन्य कश्यप

रतलाम जिले की रतलाम शहर सीट से बीजेपी के चैतन्य कश्यप विधायक हैं। चैतन्य सबसे अमीर विधायकों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी कुल संपत्ति 204 करोड़ रुपये थी। इसमें 71 करोड़ से ज्यादा चल संपत्ति और 197 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति है।

संजय शुक्ला

इंदौर-1 सीट से कांग्रेस के संजय शुक्ला विधायक हैं। मौजूदा विधायकों में संजय शुक्ला तीसरे और कांग्रेस पार्टी के सबसे अमीर विधायक हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनकी कुल संपत्ति 139 करोड़ थी। इसमें 49 करोड़ से ज्यादा की चल संपत्ति और 90 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। इस बार वो बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

किन विधायकों की संपत्ति सबसे कम है?

राम डोंगरे

खंडवा जिले की पंधाना सीट से बीजेपी के राम डोंगरे विधायक हैं। उनके पास कुल 50,749 रुपये की संपत्ति है। मौजूदा विधायकों में डोंगरे सबसे कम संपत्ति वाले विधायक हैं। डोंगरे के पास 50,749 रुपये की चल संपत्ति है। उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है।

ऊषा ठाकुर 

सबसे कम संपत्ति वाले विधायकों में दूसरे नंबर पर बीजेपी की ऊषा ठाकुर हैं। इंदौर की महू सीट से जीतीं ऊषा ने अपनी कुल संपत्ति सात लाख से ज्यादा बताई है। शिवराज सरकार में मंत्री ऊषा के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है।  

शरद कोल

सबसे कम संपत्ति के मामले में बीजेपी के शरद कोल तीसरे नंबर पर हैं। शरद शहडोल जिले की ब्योहारी सीट से विधायक हैं। उनकी कुल संपत्ति आठ लाख से ज्यादा है। इसमें उनके नाम पर कुल 8,40,000 रुपये की चल संपत्ति है। जबकि, उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है।

कितने पढ़े-लिखे हैं MP के विधायक?

मध्य प्रदेश विधानसभा के मौजूदा विधायकों में से 62 यानी 33 फीसदी विधायक पांचवीं से 12वीं कक्षा तक पढ़े हैं। जबकि, 158 विधायक यानी 64 प्रतिशत ने स्नातक और उससे ऊपर की पढ़ाई पूरी की है। इसके अलावा चार विधायक डिप्लोमाधारी हैं। पांच विधायकों ने खुद को साक्षर और एक विधायक ने खुद को निरक्षर बताया है।

 मौजूदा विधानसभा में कितने दागी विधायक हैं ?

मौजूदा विधायकों में से 40 फीसदी यानी 93 दागी हैं। इनमें से 47 यानी 20 फीसदी विधायकों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पार्टी के हिसाब से देखें तो बीजेपी के 39 विधायक (30 फीसदी), कांग्रेस के 52 विधायक (54 फीसदी) दागी हैं। वहीं, बसपा के एकलौते विधायक ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी है। तीन में से एक निर्दलीय विधायक भी दागी है।

पिछले 10 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में हूं। वैश्विक और राजनीतिक के साथ-साथ ऐसी खबरें लिखने का शौक है जो व्यक्ति के जीवन पर सीधा असर डाल सकती हैं। वहीं लोगों को ‘ज्ञान’ देने से बचता हूं।

Comment

https://manchh.co/assets/images/user-avatar-s.jpg

0 comment

Write the first comment for this!