ISRO के Chandrayaan-3 Mission का बजट 615 करोड़ है। आज हम आपको बॉलीवुड की उन फिल्मों के बारे में बताएंगे जिनका बजट इसरो के इस मिशन के आस-पास है।
मिशन चंद्रयान 3 में इसरों को बड़ी कामयाबी मिली है। चंद्रयान से अलग होकर लैंडर विक्रम अब अकेले ही चांद की ओर बढ़ चला है। विक्रम लैंडर ही 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 25 मिनट पर चांद पर लैंड करेगा। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि आज के दौर में वीएफएक्स से भरपूर कई बड़ी फिल्मों की कीमत तो चंद्रयान-3 से भी ज्यादा है, जिन पर फिल्मों के निर्माताओं ने पानी की तरह पैसा बहाया है। सबसे पहले तो चंद्रयान-3 का बजट कितना है, ये जान लेते हैं।
चंद्रयान 3 का कुल बजट 615 करोड़ रुपये है और अब बात करते हैं फिल्मों की, साल 2022 में फिल्म RRR आई, जिसे देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी काफी प्यार मिला। यहां तक कि फिल्म का गाना नाटू-नाटू ऑस्कर भी जीत लाया। एसएस राजामौली की इस फिल्म का बजट 550 करोड़ बताया जाता है, वहीं ऑस्कर के लिए जो प्रमोशन किए गए थे, उसके बाद फिल्म पर टोटल खर्चा 650 करोड़ अनुमान लगाया जाता है।
तो वहीं वो फिल्म जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था क्योंकि फिल्म का सब्जेक्ट रामायण पर था। लेकिन फिल्म क्रिटिक्स ने उसे डिसपॉइंटमेंट कह दिया, जी हां सही समझ रहे हैं आप यहां हम आदिपुरुष की ही बात कर रहे हैं। ओम राउत के डायरेक्शन में बनकर तैयार हुई आदिपुरूष का बजट 600 करोड़ बताया जाता है और तो और कई रिपोर्ट्स दावा करती हैं कि फिल्म के प्रमोशन में भी 100 करोड़ खर्च हो गए थे, तो फिल्म का टोटल बजट 700 करोड़ जा पहुंचा। हालांकि फिल्म देखने के बाद ये नहीं लगता कि फिल्म में इतना खर्च किया गया होगा, लेकिन प्रभास स्टारर इस फिल्म का खर्च 700 करोड़ बताया जाता है।
इसी के साथ ही प्रभास की एक और बड़े बजट वाली फिल्म 2024 में आने वाली है। पहले इसे ‘प्रोजेक्ट के’ नाम से जाना जा रहा था, लेकिन मेकर्स ने अब फिल्म को 'कल्कि 2898 AD' नाम दे दिया है। नाग अश्विन की ये फिल्म इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि बताया जा रहा है कि ये हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों को टक्कर देने वाली साइंस फिक्शन फिल्म होगी। इसके बाद से फिल्मों में वीएफएक्स को लेकर और भी बदलाव आ जाएंगे। इस फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन के साथ कई एक्टर होंगे। वहीं फिल्म के बजट की बात करें तो ये फिल्म 600 करोड़ रुपए से ज्यादा के बजट में बनाई जा रही है।
अब जाहिर है जब फिल्मों में इस लेवल का काम होगा, तो फिल्म का बजट चंद्रयान-3 की तरह ही आसमान पर जा पहुंचेगा, वैसे ISRO का चंद्रयान-3 23 अगस्त की शाम सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास करेगा। सॉफ्ट लैंडिंग इस मिशन का सबसे चैलेंजिंग पार्ट है। अब तक अमेरिका, रूस और चीन ही वो चुनिंदा देश हैं, जिन्होंने मून पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। इससे पहले भारत ने साल 2019 में चंद्रयान-2 से सॉफ्ट लैंडिंग का प्रयास किया था, जो सफल नहीं हो सका था।
Comment
0 comment